भारत में कोरोना की रफ्तार बढ़ रही है

नई दिल्ली । भारत में कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। पिछले सात दिन के आंकड़े बेहद डरावने हैं। एक से सात सितंबर तक 5 लाख 89 हजार 644 मरीज बढ़ गए। वहीं, पिछले सात दिनों से लगातार एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं। इस दौरान 7463 मरीजों ने दम तोड़ दिया। जुलाई के पहले हफ्ते में 500 से ज्यादा लोगों की जान जा रही थी, लेकिन अब यह आंकड़ा दोगुना हो गया है।



देश की आबादी के हिसाब से मृत्यु दर 1.70% है। यह दुनिया में सबसे कम है। सबसे ज्यादा मेक्सिको में 10.7% है। स्पेन में 5.9% और अमेरिका में 3% है। उधर, देश में कोरोना मरीजों की संख्या 42 लाख 77 हजार 584 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। सोमवार को एक दिन में 75 हजार 022 मरीज बढ़े और 74 हजार 123 लोग स्वस्थ भी हो गए।


केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना के कुल मामले 42,80,423 हो गए हैं। इनमें से 8,83,697 एक्टिव केस हैं साथ ही 33,23,951 मरीजों को या तो अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है या फिर वह स्वस्थ हो चुके हैं।कोरोना से होने वाली मौतों पर गौर करें तो अब तक इस महामारी ने 72,775 मरीजों की जान ले ली है।


इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने जानकारी दी कि 7 सितंबर 2020 तक कुल 5,06,50,128 सैंपल का टेस्ट किया गया। इनमें से 10,98,621 सैंपल का टेस्ट कल किया गया। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 20.96 प्रतिशत है और रिकवरी दर 77.30 फीसदी है है। तो वहीं, कोरोना संक्रमण से मौत की दर 1.72 फीसदी है।