बस्ती (उ.प्र.) । आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जनता तक सीधे पहुँचने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ सीधे जुडने मुहिम शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रुधौली स्थित प्रैक्सिस विद्यापीठ परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी, अधिकारियों की मनमानी, पुलिसकर्मियों द्वारा उत्पीड़न, घूसख़ोरी, बलात्कार, अपराधों से देश के नागरिक परेशान हो चुके हैं अब नागरिकों को कांग्रेस पार्टी से आस है इसीलिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर हमारे साथ अपने अधिकारों को लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
उन्होने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी जाति धर्मों के नाम पर हिन्दू – मुस्लिम के बीच खाई पैदा करने, लोगों को उकसाने और बांटने का काम करती आ रही है ठीक उसी के विपरीत कांग्रेस पार्टी नौजवानों के रोजगार, अनिवार्य शिक्षा, सिंचाई आदि पर ध्यान देने का कार्य कर रही है।
पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने कहा कि पहले ग्राम पंचायतों में होने वाली पार्टी की बैठकों में गिने – चुने लोग ही दिखाई देते थे। लेकिन आज बदलते परिस्थितियों में हमारे साथ सैकड़ों की संख्या में लोग जुड़ कर बैठकों में उपस्थित हो रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि आज हम सभी यहाँ इसलिए बैठक में उपस्थित हुये हैं ताकि हम जान सकें कि रुधौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के लिए किस योग्य पार्टी समर्पित कार्यकर्ता का चयन करें जो पार्टी को मजबूत बनाने और वह पार्टी की नीति – रीति पर खरा उतरे।
उन्होने कहा अभी तक हम केवल कागजों में चल रहे थे, लेकिन अब आवश्यकता है कि न्याय पंचायतों के बूथ स्तर तक पहुँचकर जनता के बीच उनके हितों का कार्य किया जाए औरउनकी मदद किया जाए।
कार्यक्रम में वहाँ आए हुये कई प्रतिष्ठित लोगों ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता भी ली। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने पार्टी चिन्ह देते हुये नवागत सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
कार्यक्रम में कुँवर जितेन्द्र प्रताप, ज्ञानेन्द्र, नन्हें उपाध्याय, हाजी अब्दुल वहाब, नफीस अहमद, जिला महासचिव संदीप श्रीवास्तव, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. सिराज अहमद, सोनू मिश्रा, लुद्दूर सेठ, पवन तिवारी सहित तमाम पदाधिकारी व समर्थक मौजूद रहे।