अब तक 247 लोग पॉजिटिव, 7 संक्रमित की मौत, 188 लोग ठीक होकर घर जा चुके है
संत कबीर नगर (उ.प्र.) । धनघटा क्षेत्र के अशरफपुर गांव का 30 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। वह 20 जून को मुंबई से लौटा था। धनघटा के एसओ सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि युवक की 26 जून को क्षेत्र के मल्हेपुर गांव में शादी हुई थी। मल्हेपुर गांव में पहले ही कुछ लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। 29 जून को रैंडम जांच में युवक का सैंपल लिया गया था। गुरुवार को उसकी पॉजिटिव रिपोर्ट आई। दुल्हन, नाई, पंडित के अलावा जो भी युवक के संपर्क में आए होंगे, उन्हें जांच के लिए चिह्नित किया जा रहा है।
धनघटा क्षेत्र के मल्हेपुर गांव निवासी 32 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। 17 जून को वह हरियाणा से लौटा था। रैंडम जांच में पॉजिटिव मिला। धनघटा क्षेत्र के बालमपुर गांव का 23 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। वह 19 जून को दिल्ली से लौटा था। उसी क्षेत्र का 34 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। महुली क्षेत्र के महुली कस्बा का रहने वाला 52 वर्षीय शख्स पॉजिटिव मिला है। 18 जून को शख्स दिल्ली से लौटा था।
अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में आठ और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। धनघटा क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की 38 वर्षीय महिला और उसके 14 वर्षीय बेटे की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। 16 जून को दोनों मुंबई से लौटे थे। 29 जून को रैंडम जांच में पॉजिटिव पाए गए।
दुधारा क्षेत्र के बरडाड गांव का शख्स पॉजिटिव मिला है। पूर्व में शख्स के दो बेटे पॉजिटिव मिले थे। पॉजिटिव मिले लोगों को सेंट थॉमस इंटर कॉलेज के एलवन अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया गया। पूर्व में पॉजिटिव पाए गए पांच लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अपर सीएमओ ने बताया कि अब तक 247 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। जबकि सात संक्रमित की मौत हो चुकी है। 188 लोग ठीक होकर घर जा चुके है। सात जगहें हॉटस्पॉट बनी हैं।