कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य रूप से चार बिन्दुओं स्वच्छता अभियान, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पेयजल व्यवस्था एवं बाढ़ नियंत्रण की गहन समीक्षा किया
संतकबीर नगर (सू0वि0)। अपर मुख्य सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री अनिल कुमार (आई.ए.एस.) ने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य रूप से चार बिन्दुओं स्वच्छता अभियान, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पेयजल व्यवस्था एवं बाढ़ नियंत्रण की गहन समीक्षा किया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 हरगोविन्द सिंह, पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी अतुल मिश्रा एवं जिला विकास अधिकारी राजित राम मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग, संचारी रोग नियंत्रण टीम के प्रभारी अधिकारी, कृषि, पशुपालन, शिक्षा सहित सभी सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जनपद में विगत 01 जुलाई से चल रहे संचारी रोग (जे.ई./ए.ई.एस./कोविड-19) नियंत्रण अभियान में प्रगति एवं परिणाम की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुये नोडल अधिकारी अनिल कुमार नें अभियान की सफलता हेतु ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों, जैसे आशा,आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री के कार्यों की सघन मानीटरिंग के निर्देश दिये और कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों से आम जनमानस को जागरूक करने के भी निर्देश दिये गये। जानकारी दी गयी कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण का यह आठवां अभियान है, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर जे.ई./ए.ई.एस. एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों को बताने के साथ-साथ उन्हें जागरूक किया जाता है। इस समय जनपद में आगामी 15 जुलाई तक कोविड 19 संक्रमण से बचाव हेतु लोगों को जागरूक किये जाने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की सफलता इस बात का द्योतक है कि विगत वर्षों के सापेक्ष इस वर्ष इससे सम्बन्धित मामलों में काफी कमी आई है। अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के अलावां आस-पास के झाड़ियों की कटाई एवं नालियों की सफाई आदि का भी कार्य किया जा रहा है। नोडल अधिकारी श्री कुमार ने लक्ष्य के सापेक्ष नियमित टीकाकरण की अद्यतन स्थिति से रूबरू होते हुये इसमें गतिशीलता बनाये रखने के निर्देश दिये। स्वस्छता अभियान के तहत चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं में जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका से जानकारी प्राप्त करते हुये योजनाओं के सुचारू संचालन हेतु कई बिन्दुओं पर आवश्यक निर्देश दिये गये।
जनपद में संचालित कुल 37 पेयजल परियोजनायें जिसमें 24 परियोजनाएं जल निगम एवं 13 ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित हो रही हैं, के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुये श्री कुमार नें इसके सुव्यवस्थित एवं गुणवत्ता युक्त संचालित होते रहने के निर्देश दिये। जनपद में बाढ़ नियंत्रण के सम्बन्ध में की गयी कार्यवाही के बारे में पूछतांछ करते हुये नोडल अधिकारी ने बाढ़ चौकी, राहत शिविर एवं नावों आदि की व्यवस्था सम्बन्धी बिन्दुओं पर तैयारियों की समीक्षा की। बताया गया कि जनपद में कुल 12 तटबंध हैं। बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने हेतु उन्नीस बाढ़ चौकियां तथा आवश्यकतानुसार राहत शिविर भी बनाये गये हैं तथा 132 नावों को भी एलर्ट पर रखा गया है।