बस्ती:सभी सात कंटेनमेंट जोन ग्रीन जोन में
बस्ती (उ.प्र.)। बस्ती जिले के सभी सात कंटेनमेंट जोन ग्रीन जोन में46 दिन से कंटेनमेंट जोन में शामिल शहर के तुर्कहिया मुहल्ले को इससे बाहर करते हुए ग्रीन जोन में तब्दील कर दिया गया है। परसा जाफर व जमोहरा गांव भी ग्रीन जोन में आ गए हैं। इस तरह अब जिले के सभी सात कंटेनमेंट जोन ग्रीन जोन में आ गए हैं। अब यहां के लोग सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक बाहर निकल सकेंगे। दुकानें भी खोली जा सकेंगी।


जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि मुहल्ला तुर्कहिया, ग्राम परसा जाफर व जमोहारा तीन कंटेनमेंट जोन में पिछले 28 दिन से कोई नया कोरोना वायरस का केस नहीं निकला। सर्वे कराने के बाद ग्रीन जोन में इनको परिवर्तित कर दिया गया है। इससे दो दिन पहले गिदही खुर्द और मिल्लतनगर को कंटेनमेंट जोन से ग्रीन जोन में तब्दील किया गया था। इन क्षेत्रों से अन्य लोगों के लिए गए नमूने नकारात्मक आए हैं। कुल मिलाकर बस्ती जिला अब भी आरेंज जोन में है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कंटेनमेंट जोन के ग्रीन जोन में आ जाने के चलते अब यहां से पाबंदियां हटा ली गईं हैं। बैरीकेडिग और पुलिस ड्यूटी को हटा लिया गया है। इन क्षेत्रों के लोग अपने घरों और मुहल्ले/गांव के बाहर सुबह सात से शाम सात बजे के दौरान आवश्यक कार्य के लिए आ-जा सकेंगे। हालांकि सबको मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन करना होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 48 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें 22 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 25 का उपचार चल रहा है। एक की मौत हो चुकी है।