बस्ती:मुंबई से आये 2 श्रमिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव
बस्ती (उ.प्र.)। जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। अब बाहर से आए श्रमिक कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। शुक्रवार को मुंबई से आए दो और श्रमिकों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब तक मुंबई से आए श्रमिकों में 25 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। ये सभी ट्रक व अन्य वाहनों से जिले में आए हैं।


अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 48 हो गई है। इनमें से 22 लोगों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। 21 का इलाज चल रहा है। जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हो गई है।


गैर प्रांत से जिले में श्रमिक लगातार आ रहे हैं। संदिग्ध मिलने पर जिला प्रशासन इन्हें अलग-अलग जगहों पर क्वारंटीन करा रहा है। इनके नमूने जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजे जा रहे हैं। नोडल अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि दोनों श्रमिक ओपेक कैली व गौर स्थित प्राइमरी विद्यालय में क्वारंटीन थे।