मुम्बई । कपूर खानदान के अभिनेता ऋषि कपूर नहीं रहे। वे 67 साल के थे और कैंसर से जूझ रहे थे। गुरुवार सुबह मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया। बुधवार को इरफान खान के निधन की खबर से बॉलीवुड उबरा भी नहीं था कि ऋषि कपूर के जाने की खबर आ गई। 2018 में 27 साल बाद ऋषि कपूर के साथ ‘102 नॉट आउट’ फिल्म करने वाले अमिताभ बच्चन ने इस बारे में सबसे पहले ट्वीट किया।
बता दें कि ऋषि कपूर को बीते दिन ही हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने बताया कि एक्टर को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। 67 वर्षीय ऋषि कपूर को बुधवार सुबह उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया। ऋषि कपूर के स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने कहा, "वह कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही है, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत अब स्थिर है।
बता दें कि इससे पहले तबीयत खराब होने के कारण ऋषि कपूर को फरवरी में भी हॉस्पिटलाइज्ड किया गया था। ऋषि कपूर को पहले दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। इस बारे में खुद एक्टर ने बताया था कि उन्हें इंफेक्शन हो गया है। लेकिन दिल्ली से मुंबई आने के बाद उन्हें वायरल फीवर की वजह से फिर से हॉस्पिटल में एडमिट करना पड़ा। बता दें कि ऋषि कपूर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने विचारों के लिए भी खूब जाने जाते हैं। वह अकसर सोशल मीडिया पर समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार साझा करते थे लेकिन बीते 2 अप्रैल के बाद से ही एक्टर ने एक भी ट्वीट या पोस्ट साझा नहीं की है।