ठंड से फिलहाल निजात मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार अगले तीन-चार दिन प्रदेश में बदली-बारिश का सिलसिला रहेगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान व जम्मू कश्मीर के आसपास केन्द्रित पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश में बदली-बारिश के आसार बन रहे हैं। 15 व 16 जनवरी को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। राजधानी लखनऊ सहित कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम निदेशक ने बताया कि इस बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी। ठंड और गहरा सकती है।
रविवार की रात और सोमवार को दिन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ अंचलों में बारिश हुई। पूर्वांचल में मौसम सूखा रहा। लखनऊ सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में 'कोल्ड डे' की वजह से पूरा दिन कुहासा बना रहा। दिन में धूप नहीं निकली। सुबह घना कोहरा रहा। शाम होते-होते फिर से कोहरा गहरा गया। रविवार की रात प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बहराइच रहा जहां पारा 4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।
सोमवार को लखनऊ, बरेली, मेरठ, आगरा, कानपुर मंडलों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी। फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। रविवार की रात गोरखपुर, फैजाबाद, कानपुर मंडलों में पारा सामान्य से कम पर दर्ज हुआ।